हमारे बारे में
इंडियन एसोसिएशन फॉर द कल्टीवेशन ऑफ साइंस (आईएसीएस) 1860 के अधिनियम XXI और संबंधित राज्य अधिनियम अर्थात पश्चिम बंगाल राज्य पंजीकरण अधिनियम 1961 के तहत पंजीकृत एक सोसायटी है, जिसका मुख्यालय 2 ए और बी, राजा.एस.सी. मल्लिक रोड, कोलकता-700032, पश्चिम बंगाल, भारत में है। इसमें एक शासी परिषद है जिसमें कई सदस्य निर्वाचित या नामित हैं और कुलसचिव (रजिस्ट्रार) इसके गैर-सदस्य सचिव के रूप में हैं। परिषद के पास ज्ञापन और उप-नियमों में परिकल्पित कार्यों, कर्तव्यों और शक्तियों तथा संबंधित अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अधिकार है। अधिक पढ़े
इंडियन एसोसिएशन फॉर द कल्टीवेशन ऑफ साइंस (आईएसीएस) कोलकाता में स्थित एक प्रमुख वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थान है। अपने समय के प्रशंसित पेशेवर चिकित्सक डॉ. महेंद्र लाल सरकार द्वारा वर्ष 1876 में स्थापित, आईएसीएस एशिया का सबसे पुराना वैज्ञानिक संस्थान है जो विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित है। सर सी.वी. रमन ने आईएसीएस में 'रमन प्रभाव' की अपनी ऐतिहासिक खोज की। यह भारत और विदेशों में अकादमिक और बौद्धिक उत्कृष्टता के परिधान को सजाने का कार्य करता रहा है। इस महान संस्थान के हर कोने में विभिन्न प्रयोगशालाएं अद्वितीय वैज्ञानिक उत्कृष्टता की शानदार विरासत से गूंजती हैं जिसके लिए इस शहर को गर्व है। आप सभी के लाभ के लिए, मैं इस अवसर पर हमारे संस्थान के गौरवशाली अतीत, एक शानदार वर्तमान और एक महत्वाकांक्षी भविष्य को संक्षेप में प्रस्तुत करना चाहूंगा।
उन्नीसवीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध में अविभाजित बंगाल में एक बौद्धिक पुनर्जागरण देखा गया। इस अवधि के दौरान, जब देश में विज्ञान और संस्कृति में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए लगभग कोई उल्लेखनीय संस्थान नहीं था, विविध विषयों के कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने संस्था निर्माण के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया। इन्हीं में से एक व्यक्ति महेंद्र लाल सरकार थे, जिन्होंने एक चिकित्सा व्यवसायी के रूप में शिक्षा प्राप्त की थी और वे प्रसिद्ध संत रामकृष्ण परमहंस देव के निजी चिकित्सा विशेषज्ञ थे। परंतु उनका एक मिशन था कि एक ऐसी संस्था की स्थापना की जाए जहां "वैज्ञानिक विषयों पर व्यवस्थित रूप से व्याख्यान दिए जाएं"। महेंद्रलाल के सपनों को तब मूर्त रूप मिला जब 29 जुलाई 1876 को 12, बउबाजार स्ट्रीट कैम्पस में इंडियन एसोसिएशन फॉर द कल्टीवेशन ऑफ साइन्स का उद्घाटन किया गया। इस एसोसिएशन के संस्थापक सचिव स्वयं महेंद्रलाल ही थे और इसके पहले ट्रस्टी बोर्ड में पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर और केशबचंद्र सेन जैसे व्यक्ति शामिल थे।शुरुआती वर्षों के दौरान, आईएसीएस को उस समय के अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों जैसे श्री गुरुदास बनर्जी, राजा राजेंद्रलाल मित्रा, सर सुरेंद्रनाथ बनर्जी और राजा पियरी मोहन मुखर्जी से अच्छा संरक्षण मिला। विज्ञान में व्याख्यान देने के मूल अधिदेश को शीघ्र ही कार्यान्वित कर दिया गया जब फादर लाफोंट, सर जगदीश चंद्र बोस, सर आशुतोष मुखर्जी और राय बहादूर चुनीलाल बोस ने एसोसिएशन में पढ़ाना शुरू किया।
एक साधारण सी शुरुआत, किंतु एक महत्वाकांक्षी दूरदृष्टि, ने एसोसिएशन को एक प्रतिष्ठित केंद्र के रूप में स्थापित किया, जिसने महेंद्र लाल की रचनाओं को भारत में विज्ञान के इतिहास में दृढ़ता से स्थापित किया। सफलता का शिखर शीघ्र ही रमन प्रभाव की खोज से प्राप्त होने वाला था और उसके तुरंत बाद ही नोबल पुरस्कार प्राप्त हो गया। संस्थान से जुड़े विद्वानों में सर नीलातन सरकार, सर ज्ञान चंद्र घोष, डॉ. श्यामाप्रकाश मुखर्जी, प्रोफेसर सत्येंद्रनाथ बोस और प्रोफेसर एम.एन. साहा शामिल थे। भौतिकी में रमन की उत्कृष्टता की विरासत को आईएसीएस में पहले प्रोफेसर के. एस. कृष्णन और बाद में प्रोफेसर केद्रेश्वर बनर्जी ने समुचित रूप से आगे बढ़ाया।
1946 में एसोसिएशन ने डॉ. मेघनाद साहा के गतिशील नेतृत्व में एक नई विकास योजना तैयार की, जिसमें एक्स-रे, ऑप्टिक्स, मैग्नेटिज्म और रमन इफेक्ट में मूलभूत अध्ययनों के साथ जारी समस्याओं की जांच के लिए एक सक्रिय अनुसंधान स्कूल के निर्माण की परिकल्पना की गई, जिसमें एसोसिएशन ने प्रारंभिक वर्षों में विशेषज्ञता हासिल की थी। जादवपुर में एक नया परिसर खोला गया जो शैक्षिक अनुसंधान और औद्योगिक प्रतिष्ठानों का एक विशाल परिसर बन गया, जहां प्रयोगशालाओं को बउबाजार स्ट्रीट से स्थानांतरित कर दिया गया। डॉ. विधान चंद्र रॉय ने पश्चिम बंगाल सरकार की गजट अधिसूचना के माध्यम से जादवपुर में नए परिसर के लिए भूमि उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 26 फरवरी 1948 तक डॉ. एम. एन. साहा ने कोलकाता के प्रतिष्ठित वास्तुकारों (आर्किटेक्ट्स) की मदद से आईएसीएस के जादवपुर परिसर (कैम्पस) का मास्टर प्लान तैयार किया।
इण्डियन एसोसिएशन फॉर द कल्टीवेशन ऑफ साइंस अपनी स्थापना के 150 वर्ष बाद भी भारत और विदेशों में अकादमिक और बौद्धिक उत्कृष्टता के मंच पर बना हुआ है और अब एक महत्वपूर्ण युग के चौराहे पर खड़ा है। भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के विभिन्न अग्रणी क्षेत्रों में मूलभूत अनुसंधान के अलावा, पिछले कुछ वर्षों से आईएसीएस ने गैर-पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों, उन्नत और अभिनव नैनो-सामग्री, रसायन जीव विज्ञान और अंत: विषयक विज्ञान जैसे उभरते बहु-विषयक क्षेत्रों में उल्लेखनीय रूप से कार्य किया है। संस्थान लंबे समय से स्थापित प्रतिष्ठा वाले क्षेत्रों को समेकित करना चाहता है, और साथ ही उन्हें उभरते क्षेत्रों में एकीकृत करने के लिए तत्पर है।
अब यह एक स्वायत्त अनुसंधान संस्थान है जिसके अध्यक्ष एक शासी परिषद (गवर्निंग काउंसिल) होती है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), भारत सरकार से प्राप्त सहायता अनुदान के अलावा, आईएसीएस के वैज्ञानिक बुनियादी और अनुप्रयोग उन्मुख विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में अपने अनुसंधान पूरा करने के लिए बाह्य निधीयन की व्यवस्था करते हैं। आईएसीएस औद्योगिक परियोजनाओं की मेजबानी भी करता है और निजी दान प्राप्त करता है। वर्तमान में आईएसीएस में भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र और जीवविज्ञान में कार्यरत लगभग 71 संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन में 700 से अधिक अनुसंधान छात्र/सहयोगी कार्य कर रहे हैं, जिनका वार्षिक बजटीय परिव्यय चालू वित्तीय वर्ष के दौरान लगभग 162 करोड़ रुपये है। संस्थान के वर्तमान निदेशक प्रोफेसर शांतनु भट्टाचार्य हैं। संस्थान में डॉक्टरल डिग्री और पोस्ट-डॉक्टरल कार्य के लिए अनुसंधान की खोज के लिए गतिशील कार्यक्रम हैं और विजिटिंग साइंटिस्ट स्कीम है। एक उत्कृष्ट पुस्तकालय, अच्छी कंप्यूटिंग सुविधाएं हैं और परिसर सभी आधुनिक सुविधाओं और सुविधाओं से सुसज्जित है।

दक्षिण कोलकाता में स्थित यह संस्थान (आपको यहां कोलकाता के लिए एक गाइड मिलेगा) जादवपुर विश्वविद्यालय और भारतीय रासायनिक जीवविज्ञान संस्थान से सटा हुआ है। शांत वातावरण और हरित वातावरण के प्रति प्रतिबद्धता आईएसीएस को विद्वतापूर्ण कार्यों के लिए स्वर्ग है। जादवपुर में स्थित यह संस्थान महानगर की सुविधाओं का लाभ उठाता है, फिर भी इसे शहर के केंद्र की हलचल से बाहर कर दिया गया है। मुख्य भवन में ऑडिटोरियम (एमएलएस हॉल), सेमिनार कक्ष, परिषद कक्ष, सभी विभागों, प्रशासनिक हाल आदि का समावेश है। चारदीवारी के भीतर एक आधुनिक पुस्तकालय, ऊर्जा अनुसंधान भवन, जीवविज्ञान रसायन भवन, कंप्यूटर सेंटर, कार्यशाला, तरल नाइट्रोजन सुविधा, कैंटीन, आवश्यक स्टाफ क्वार्टर्स, अनुसंधान विद्वानों के लिए हॉस्टल्स, पूल, खेल का मैदान और एक शानदार लॉन है। एसोसिएशन परिसर का भूमि क्षेत्रफल 9.54 एकड़ है।
डॉक्टरल कार्यक्रम
भौतिकी और रसायन विज्ञान में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान करने के इच्छुक छात्रों का चयन प्रत्येक वर्ष किया जाता है। चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाता है। छात्रों के पास संस्थान में सभी सुविधाओं का लाभ उठा सकते है और वे संस्थान परिसर के भीतर छात्रावास में रह सकते हैं।
पोस्ट-डॉक्टरल कार्यक्रम
अग्रणी संस्थानों से पीएचडी डिग्री प्राप्त उम्मीदवार पोस्ट-डॉक्टरल फेलोशिप के लिए एक से दो वर्ष की अवधि के लिए आवेदन कर सकते हैं।
केमिकल साइंस में पोस्ट बी.एससी. इंटीग्रेटेट पीच.डी
अनुसंधान संस्थानों और विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के प्रयास में आईएसीएस ने अकादमिक सत्र 2005-2006 से रसायन विज्ञान में पोस्ट बीएससी इंटीग्रेटेड पीएचडी कार्यक्रम (आईएनटीपीसीएस) का आयोजन शुरू किया। इसका प्राथमिक उद्देश्य अनुसंधान उन्मुख बहु-विषयक पाठ्यक्रम प्रदान करना है, जिसमें न केवल जैविक, अकार्बनिक, भौतिक और विश्लेषणात्मक रसायनशास्त्र की बुनियादी बातें शामिल हैं, बल्कि भौतिक विज्ञान और जीवविज्ञान के आधुनिक क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है, जिसमें इन पारंपरिक शाखाओं के साथ निकट संबंध और लगभग अनिवार्य रूप से ओवरलैप शामिल है।
स्कूल समाप्त करने वाले विद्यार्थियों हेतु बेसिक साइंसेज पर समर स्कूल
इस कार्यक्रम का विषय इस बात को रेखांकित करता है कि किसी विषय को समझना उस विषय से लगाव की दिशा में पहला कदम है, सही समझ से ही सच्ची लगाव आती है और अंततः यह अमूर्त लगाव भौतिक कल्याण के लिए लगाव का आंशिक रूप से मुकाबला करने के लिए पर्याप्त रूप से वास्तविक हो सकता है।
स्कूल आमतौर पर आईआईटी जेईई और राज्य जेईई खत्म होने के बाद अप्रैल के अंतिम सप्ताह में शुरू होता है और दो महीने तक चलता है। सामान्यतः प्रति दिन दो से चार व्याख्यान होते हैं, सप्ताह में पांच दिन कुल 80 व्याख्यान होते हैं। दोपहर के सत्र में कंप्यूटर क्लासेस सैद्धांतिक और व्यावहारिक दोनों शामिल है। व्याख्यान मूल रूप से तीन श्रेणियों के होते है।
क) किसी विषय के मूल बातों पर 6-9 व्याख्यान पाठ्यक्रम
ख) कुछ फ्रंटियर क्षेत्र पर 2-4 व्याख्यान पाठ्यक्रम
ग) विविध विषयों पर विशेष व्याख्यान
समर प्रोजेक्ट फेलोशिप
सामान्यतः मार्च-अप्रैल के दौरान आईएसीएस में समर प्रोजेक्ट फेलो के पदों के लिए भारतीय विश्वविद्यालयों/संस्थानों/महाविद्यालयों के गणित, भौतिक, रसायन और जैविक विज्ञान/इंजीनियरिंग के स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जाते है।
प्रत्येक फैलोशिप दो महीने के लिए मान्य है। स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए फैलोशिप हेतु सकल परिलब्धि रु. 3000/- प्रति माह और रु. 5000/- प्रति माह निर्धारित किया गया है। उम्मीदवार डीन (अकादमिक) को srf@iacs.res.in पर निम्नलिखित विवरण देते हुए आवेदन कर सकते है।
विद्यार्थियों से यह भी अनुरोध है कि वे सम्बद्ध विश्वविद्यालय/कॉलेज/संस्थान के प्रमुख/सक्षम प्राधिकारी से अनुशंसा पत्र की व्यवस्था करें। फैलोशिप प्रदान करने के लिए अंतिम चयन विधिवत गठित समिति द्वारा किया जाएगा।
विजिटिंग साइंटिस्ट्स प्रोग्राम
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित, विश्व भर के अग्रणी वैज्ञानिक अक्सर कुछ सप्ताह से लेकर कई महीनों तक की अवधि के लिए संस्थान का दौरा करते हैं। वे आईएसीएस के वैज्ञानिकों के साथ सहयोग करते हैं और सेमिनार तथा कोलोक्विया देते हैं। पिछले कुछ वर्षों के दौरान आईएसीएस को अपने विशिष्ट आगंतुकों के बीच कई नोबल पुरस्कार विजेताओं और फील्ड मेडलिस्ट को रखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
संस्थान द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अक्सर कार्यशालाएं और संगोष्ठियां आयोजित की जाती हैं। हम सैद्धांतिक भौतिकी सेमिनार सर्किट (टीपीएससी) में भी भाग लेते हैं, जिसके तहत भौतिक विज्ञानी भारत में अग्रणी अनुसंधान केंद्रों का दौरा कर सकते हैं और अपने कार्य पर व्याख्यान दे सकते है। आईएसीएस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के विज्ञान और इंजीनियरिंग अनुसंधान परिषद (एसईआरसी) द्वारा संचालित उन्नत स्कूलों में सक्रिय रूप से भाग लेता है। संस्थान सक्रिय रूप से अपने सदस्यों को कहीं और वैज्ञानिकों के साथ सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित करता है, और आवश्यक सहायता प्रदान करता है।